इंदौर:इंदौर में छावनी अनाज मंडी में मध्यप्रदेश कांग्रेस उद्योग व व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा व्यापारी और किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई. बैठक में प्रदेश के 55 जिलों में एक साथ व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्षों द्वारा मंडी शुल्क वृद्धि को लेकर चर्चा की गई.व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी शुल्क बढ़ने से किसानों को उचित मूल्य मिलने में कठिनाई होगी, व्यापारियों की लागत बढ़ेगी और इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर महंगाई के रूप में पड़ेगा.
उन्होंने सरकार से इस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की. प्रदेश कांग्रेस उद्योग व व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरविंद बागड़ी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है. उन्होंने बताया कि प्रदेश व्यापारी महासंघ द्वारा 23 जून को प्रस्तावित बंद का कांग्रेस समर्थन करती है. बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने किसानों और व्यापारियों के हित में निर्णय नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा. इस अवसर पर कई व्यापारी एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने मंडी शुल्क वृद्धि पर नाराजगी व्यक्त की.
