इंदौर: तुकोगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां कार वॉश करने वाले से रंगदारी वसूली की कोशिश की गई. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि जान से खत्म करने की धमकी देकर दहशत फैलाने का प्रयास किया.थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि लाला का बगीचा में रहने वाले 28 वर्षीय फरियादी प्रतीक निहोरे अपनी कार वॉश दुकान पर काम कर रहा था.
इसी दौरान आरोपी ऋषि मिमरोट अपने साथी यश यादव और मोनू के साथ वहां पहुंचे और दुकान चलाने के एवज में रुपये की मांग करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी, जिससे फरियादी को कमर में चोट आई. जाते-जाते आरोपी धमकी देकर गए कि आगे से पैसे नहीं दिए तो जान से खत्म कर देंगे. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
