
उज्जैन। पानी भरने के विवाद में पड़ोसियों ने अधेड़ व्यक्ति के साथ बुरी तरह मारपीट की। घटना में घायल को डॉक्टर ने 17 टांके लगाए।भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम विनायका में रहने वाला अशोक पिता भेरु सिंह 49 साल गांव के सरकारी होल पर पानी भरने गया था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली आशुबाई भी पानी भरने पहुंची। उसने पानी भर रहे अशोक से होल पर लगा पाइप छीन लिया। जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आशु बाई का पति देवी सिंह पुत्र असित और देवी सिंह का पिता फतेह सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर पत्थर डंडों से अशोक को बुरी तरह पीटा। घटना में उसके आठ दांत टूट गए और शरीर में गंभीर चोट लगी। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों को घायल अशोक के शरीर पर 17 टांके लगाने पड़े। मामले की सूचना पुलिस को मिलने पर घायल के बयान दर्ज किए गए हैं। मारपीट करने वाला परिवार गांव से भाग निकला है।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चाकू जब्त
पानी को लेकर विवाद की स्थिति सामने आ रही है कुछ दिनों पहले पंवासा क्षेत्र की राजराजेश्वरी कॉलोनी में एक व्यक्ति को पति-पत्नी और नाबालिग पुत्र ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। 2 दिन पहले ही पुलिस ने नाबालिग पुत्र को हिरासत में लेकर चाकू बरामद किया था और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था।
