महिला एशिया कप में हरमनप्रीत करेगी भारतीय टीम की कप्तानी

मुम्बई, 14 अगस्त (वार्ता) हरमनप्रीत कौर 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले महिला एशिया कप 2026 में 15 सदस्यों वाली भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करेंगी। टीम में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा जैसी प्रमुख बल्लेबाज़ों के साथ-साथ भारती फुलमाली और प्रतिका रावल को भी शामिल किया गया है।

मौजूदा ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट के दौरान हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लगने के कारण जेमिमा रोड्रिग्स टीम से बाहर हो गई हैं।

विकेटकीपर ऋचा घोष और गुनालन कामलिनी को भी टीम चुना गया है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भारतीय टीम में एक और मज़बूत खिलाड़ी के तौर पर मौजूद रहेंगी। गेंदबाजी विकल्पों के रूप रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा शामिल हैं। राधा यादव, श्री चरणी और प्रेमा रावत भी टीम का हिस्सा हैं।

महिला एशिया कप के इतिहास में सात खिताब जीतकर सबसे सफल रही भारतीय टीम को पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग चीन के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।

हरमनप्रीत और उनकी टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी और इसके बाद 3 सितंबर को हांगकांग चीन का सामना करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा।

ग्रुप बी में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बंगलादेश, मेजबान यूएई और टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे। विमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत 2024 के पिछले संस्करण में उपविजेता रहने के बाद एक बार फिर महाद्वीपीय खिताब जीतने की कोशिश करेगा। वे दाम्बुला में फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन श्रीलंका से आठ विकेट से हार गए थे। भारत का इस टूर्नामेंट में ऐतिहासिक रूप से दबदबा रहा है; टीम ने वनडे प्रारुप में शुरुआती चार टूर्नामेंट जीते और फिर 2012, 2016 और 2022 में तीन टी-20 खिताब अपने नाम किए।

भारत की महिला एशिया कप 2026 टीम इस प्रकार है:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनि (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतिका रावल।

 

 

 

Next Post

नौकरी दिलाने के नाम पर 26.70 लाख रुपए की धोखाधड़ी

Fri Aug 14 , 2026
उज्जैन। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों से 26.70 लाख की धोखाधड़ी होना सामने आने पर पुलिस ने एक आरोपी और उसकी महिला मित्र उत्तर प्रदेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी युवक उज्जैन का रहने वाला है जिसकी तलाश शुरू की गई है। चिमनगंज थाना […]

You May Like