
उज्जैन। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों से 26.70 लाख की धोखाधड़ी होना सामने आने पर पुलिस ने एक आरोपी और उसकी महिला मित्र उत्तर प्रदेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी युवक उज्जैन का रहने वाला है जिसकी तलाश शुरू की गई है।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि संदीपनी नगर में रहने वाले जितेन्द्र पिता शत्रुघ्न कुशवाह का परिचय इंदिरानगर में रहने वाले मणिभद्र स्टेशनरी संचालक अमित जैन से था। अमित जैन ने जितेन्द्र को यूरोप में नौकरी दिलाने की बात कही। जिस पर जितेन्द्र ने अपने भाई धीरज, रिश्तेदार पवित्र कुशवाह और दोस्त बादल पिता भूपेन्द्र टंकारिया निवासी कमल कॉलोनी की नौकरी लगवाने की बात भी अमित जैन से की। अमित ने चारों को अपने झांसे में लिया और यूरोप स्थित सुपर मार्केट में ऑपरेटर और क्लर्क सहित अन्य पदों पर नौकरी दिलाने की बात कहते हुए अपनी परिचित महिला फलक हुसैन से परिचय कराया। दोनों ने मिलकर उन्हें वीजा बनवाने, मेडिकल करवाने सहित अन्य दस्तावेज तैयार कराने की बात कहते हुए अलग-अलग समय पर करीब 26 लाख 70 हजार रुपए ले लिए। मार्च 2025 से शुरू हुए नौकरी के झांसे में फंसे चारों ने अगस्त 2026 के प्रथम सप्ताह तक पैसे दिए। लेकिन न तो उनके दस्तावेज तैयार हो पाए न ही उन्हें नौकरी मिलने का कोई पत्र मिला। अमित जैन से नौकरी नहीं दिलाने पर रुपए लौटाने की बात कही तो वह आनाकानी करने लगा।
जितेन्द्र कुशवाह ने अपने तीनों साथियों के साथ मिलकर मामले की शिकायत चिमनगंज थाना पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद मामले में अमित जैन और फलक हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया। अमित जैन की तलाश में पुलिस ने इंदिरानगर में दबिश दी। अमित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम उत्तरप्रदेश फलक की गिरफ्तारी के लिए जाएगी।
