सतना : सिटी कोतवाली और रामपुर बघेलान थाने की पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए क्रमश: 63 और 62 लीटर अवैध शराब जब्त कर ली गई. इस मामले में जहां 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं घटना में प्रयुक्त बोलेरो और आटो को भी जब्त कर लिया गया.रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को अवैध शराब की तस्करी संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी. जिसे गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर ग्राम बम्हौरी में दबिश दी गई.
जहां पर बोलेरो को रोककर जांच शुरु की गई. पूछताछ करने पर बोलेरो में सवार 3 लोगों की पहचान शिवम सिंह 30 वर्ष निवासी मझियार रीवा, शैलेंद्र सिंह 30 वर्ष निवासी गडऱा मऊगंज और शैलेष सिंह 33 वर्ष निवासी चोरहट सीधी के तौर पर हुई. जांच करने पर बोलेरो में 7 कार्टून रखे मिले. जिसमें देशी और अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई. शराब के परिवहन के संबंध में किसी तरह के दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 2 के अंतर्गत कार्रवाई की गई. इसी कड़ी में 45 हजार 280 रु की अवैध शराब और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त कर लिया गया.
आटो से शराब की तस्करी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जाानकारी के अनुसार पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि आटो में अवैध शराब लादकर ले जाई जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जिग्रहट लोहरौरा सोहावल बाइपास रोड पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी. जहां से गुजर रहे आटो को रुकने का इशारा करते ही वह भागने का प्रयास करने लगा. जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. पूछताछ में आटो चालक की पहचान राजेश कुशवाहा उम्र 20 वर्ष निवासी अतरवेदिया नागौद के तौर पर हुई. जांच करने पर आटो में 7 कार्टन रखे मिले. जिसमें देशी और अंगे्रजी शराब भरी हुई थी. आटो में कुल 63 लीटर अवैध शराब पाई गई. जिसके आधार पर आटो चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई.
