इंदौर: नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने सीमा नाथ गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है. 21 वर्षीय पेडलर आकाश गोखले निवासी धार रोड, नावदा पंथ के घर से 32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है.इससे पहले इसी प्रकरण में आरोपिया सीमा नाथ को अहीरखेड़ी स्थित घर से पकड़ा था.
उसके पास से 516 ग्राम ब्राउन शुगर और 48 लाख 50 हजार रुपए नकद जब्त किए गए थे. अब तक इस गैंग के तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं. क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि आकाश पहले भी करीब आधा दर्जन अपराधों में जेल जा चुका है. पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से सीमा नाथ के संपर्क में था और उसके इशारे पर नशे की खेप शहर में पहुंचाता था.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध मनोज श्रीवास्तव और एडीसीपी राजेश दंडोतिया के मार्गदर्शन में एसीपी देवेंद्र सिंह धुर्वे के नेतृत्व में गठित टीम लगातार नशे के सौदागरों की धरपकड़ कर रही है. जब्त माल और अब तक की गिरफ्तारी को देखते हुए पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नामों का भी खुलासा होगा.
