विधायक के ही वार्ड में 9 से 10 दिन में मिल रहा पानी

परासिया। नगर पालिका परासिया के वार्ड क्रमांक 19 में इन दिनों पेयजल संकट गहराया हुआ है। हालत यह है कि यहां रहवासियों को 9 से 10 दिन के अंतराल में ही पानी मिल पा रहा है। खास बात यह है कि इसी वार्ड में क्षेत्रीय विधायक सोहनलाल वाल्मीकि का निवास भी है।

सोमवार को जनपद पंचायत परासिया के सभा कक्ष में आयोजित जल संकट संबंधी बैठक में स्वयं विधायक सोहनलाल वाल्मीकि ने स्वीकार किया कि उनके वार्ड में 9 दिनों के अंतराल में पानी की सप्लाई हो रही है। इससे साफ है कि नगर के कई हिस्सों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और लोगों को लंबे इंतजार के बाद पानी मिल रहा है।

बैठक में एसडीएम शुभम कुमार यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान चारों नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत परासिया की अध्यक्ष, जनपद सदस्य और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने क्षेत्र में बढ़ते जल संकट पर चर्चा करते हुए समाधान तलाशने का प्रयास किया।

करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में जल संकट पर विस्तार से मंथन हुआ, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नगर पालिका परासिया के पांच वार्डों को लेकर स्पष्ट कर दिया कि ये उनके विभागीय प्रोग्राम में शामिल नहीं हैं, इसलिए इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई योजना उपलब्ध नहीं है।

बैठक के दौरान विधायक सोहनलाल वाल्मीकि ने नगर पालिका अधिकारियों को जल संकट को लेकर तैयारियों और योजना की कमी पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष भुगतान से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाते रहे, लेकिन तकनीकी खामियों और नगर पालिका अध्यक्ष के जेल जाने के बाद उत्पन्न आर्थिक संकट को लेकर अधिकारियों के पास स्पष्ट जवाब नहीं था।

विधायक सोहनलाल वाल्मीकि ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि परासिया विधानसभा क्षेत्र के लिए पर्याप्त बजट आवंटित नहीं किया जा रहा है और सरकार क्षेत्र के साथ दोहरा मापदंड अपना रही है।

Next Post

रंग पंचमी के अवसर पर व्यापारी संघ ने आयोजित किया होली मिलन

Mon Mar 9 , 2026
सीधी। रंग पंचमी के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी व्यापारी संघ सीधी के तत्वाधान में रविवार को शहर के गंगोत्री रिजार्ट में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सीधी शहर के वरिष्ठ एवं युवा व्यापारी साथी शामिल होकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की […]

You May Like

Play sound