भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में सूबेदार/उपनिरीक्षक संवर्ग भर्ती परीक्षा-2025 में अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर गई है। नियुक्ति प्रक्रिया के तहत चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन एवं चिकित्सीय परीक्षण 27 जुलाई 2026 को प्रदेश के चार नोडल केन्द्रों पर आयोजित किए जाएंगे।
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी), भोपाल द्वारा अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस मुख्यालय ने नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सत्यापन कार्य भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में निर्धारित केन्द्रों पर किया जाएगा।
भोपाल एवं इंदौर में दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पुलिस उपायुक्त (नगर) कार्यालय में, जबकि ग्वालियर एवं जबलपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न होगी।
पुलिस विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथि पर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित केन्द्र पर समय से उपस्थित हों। नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, आवश्यक दिशा-निर्देश तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। विभाग ने कहा है कि सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र संपन्न कराया जाएगा।
