वाशिंगटन: वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में भारत के एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका का दौरा कर पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत के रुख से अमेरिकी नेताओं को अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ से वाशिंगटन में मुलाकात की, जहां दोनों देशों के बीच आतंकवाद पर गंभीर चर्चा हुई।
क्रिस्टोफर लैंडाउ ने स्पष्ट किया कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और नई दिल्ली के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने लैंडाउ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले और उसके जवाब में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इसके अतिरिक्त, थरूर ने अमेरिकी सीनेट की विदेश संबंध समिति के सदस्य सीनेटर कोरी बुकर से भी फोन पर संवाद किया, जिसे उन्होंने “गर्मजोशी से भरा और सार्थक” बताया। इस दौरे का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को समर्थन दिलाना था।
