सतना: अमदरा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह करीब 11 बजे एक बालिका की फांसी लगाने से मृत्य हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जांच में जुटी तो पता चला कि मोहल्ले की महिला से झगड़े के बाद बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस महिला और उसके नाबालिग भतीजे से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमदरा थाना क्षेत्र में ग्राम घुनवारा के कारीमाटी मोहल्ला में पहाड़ किनारे रहने वाली रागनी कोल पुत्री सूरज कोल (14) की फांसी लगाने से मृत्यु हो गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि रागनी घर के पास ही पानी भरने गई थी।
उसी की उम्र का एक बालक भी पानी भरने वहां पहुंचा। दोनों के बीच पानी को लेकर विवाद हुआ तो बालक ने घर जाकर अपनी बड़ी मां ममता कोल को बता दिया। इसके बाद ममता रागनी के घर गई और झगड़ा करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना से आहत रागनी ने कुछ देर बाद फांसी लगा ली। यह बात भी सामने आई है कि रागनी के पिता कुछ साल पहले बलात्कार के अपराध में जेल चले गए थे। इसके बाद उसकी मां भी घर छोड़ गई। रागनी अपने दो छोटे भाईयों के साथ बड़े पिता के आसरे रह रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।
