सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र में बाइकर्स स्नेचर सक्रिय हैं, जो महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। शनिवार की रात करीब 8 बजे कृष्णनगर इलाके में एक ऐसी ही वारदात हुई। जिसमें बदमाशों ने महिला का पर्स छीना और भाग गए। इसके पहले शुक्रवार को भी एक घटना ऐसी हुई थी।
महिला का पर्स लेकर भागे
मालूम हुआ है कि चौक बाजार क्षेत्र की रहने वालीं अर्चना जैन मंदिर से पैदल घर लौट रहीं थीं। जब वह कृष्ण नगर में पशु चिकित्सालय के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनका पर्स छीनकर फरार हो गए।उनके पर्स में 4 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन था। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। बाद में उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिक्षिका से छीना पर्स
बाइक पर सवार बदमाश ने गत शुक्रवार को कोलगवां थाना क्षेत्र में गहरानाला के पास बस से उतरी एक महिला का पर्स छीना था। मालूम हुआ है कि वार्ड 22 उतैली में रहने वाली मीना द्विवेेदी शिक्षिका हैं।शुक्रवार शाम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सज्जनपुर में पदस्थ शिक्षिका मीना द्विवेदी ड्यूटी के बाद बस से सतना पहुंचीं। शाम करीब 5 बजे वह गहरानाला क्षेत्र में बस से उतरकर पैदल घर जा रही थीं। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार एक बदमाश तेजी से उनके पास पहुंचा और कंधे पर टंगा पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में करीब 15 सौ रुपये, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज रखे थे। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने चेहरे को लाल गमछे से ढंक रखा था।
