
बेगमगंज। आज शाम करीब 4 बजे अचानक गरज चमक के साथ करीब 20 मिनिट तक आसमान में बिजली की गर्जना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। भयभीत लोग घरों एवं दुकानों में दुबक गए। इस बीच नगर में तीन स्थानों हनुमान बाग, अंबिका पैथोलॉजी के पास मोबाइल टॉवर पर आकाशीय बिजली गिरने से टॉवर में लगी लाल लाइट चकनाचूर होकर बिखर गई और दो मशीनें जल गई जिससे 2 लाख की हानि होना बताया गया है।
वहीं टॉवर की जड़ में बिजली धसती हुई भूमि के अंदर समा गई , वो तो गनीमत रही वहां पर किसी मनुष्य के नहीं होने से अनहोनी टल गई। वहीं वर्षों से बंद पड़ी अजंता टॉकीज के ऊपर लगे तड़ित चालक पर बिजली गिरी ओर भोपाल रोड़ पर चकला नाले के पास प्रकाश पटेल पैट्रोल पंप के पास भी गिरी। अभी तक कोई जनहानि की खबर नहीं मिली है लेकिन कई लोगों के एलईडी सहित कई उपकरण खराब होने की बिजली विभाग को शिकायत मिली है।
तहसीलदार प्रमोद उइके का कहना है कि ऊपर वाले का काम है अभी तीनों स्थानों सहित तहसील में किसी प्रकार की जनहानि का समाचार नहीं है। सभी पटवारियों को अपने -अपने क्षेत्र की तत्काल रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया गया है।
तहसीलदार प्रमोद उइके ने अपनी टीम के साथ चकला नाला , बर्री कला एवं सेमरी नदी के हफसीलि घाट सहित नगर के कई स्थानों का औचक निरीक्षण कर अचानक आई आपदा का अवलोकन किया ओर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे है। उन्हें अभी तक किसी प्रकार की अनहोनी की खबर नही मिली है।
