पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो जल्द ही भारत की एक टीम के खिलाफ खेलते नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुकाबले को लेकर बड़ी तैयारी चल रही हैं।
भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दुनिया के सबसे मशहूर फुटबॉलर्स में शुमार पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब भारतीय टीम एफसी गोवा के खिलाफ मैदान में उतरने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोनाल्डो को एएफसी चैंपियंस लीग के ग्रुप डी के आगामी मुकाबले में सऊदी अरब के क्लब अल नास्र की टीम में शामिल किया गया है। यह खबर सामने आते ही भारत में फुटबॉल फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
5 नवंबर को रियाद में होगा हाई-वोल्टेज मैच
जानकारी के अनुसार, रोनाल्डो का एफसी गोवा से मुकाबला बुधवार, 5 नवंबर को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में खेला जाएगा। भारतीय प्रशंसक पहले उम्मीद कर रहे थे कि रोनाल्डो रिवर्स लेग के दौरान भारत आकर गोवा की सरजमीं पर खेलेंगे, लेकिन वह संभव नहीं हो सका था। अब सऊदी अरब के मीडिया आउटलेट अल रियादियाह ने रिपोर्ट दी है कि रोनाल्डो इस बार एफसी गोवा के खिलाफ खेल सकते हैं।
पिछले मैच में रोनाल्डो मैदान पर नजर नहीं आए थे। उस वक्त अल नास्र के कोच जॉर्ज जीसस ने संकेत दिए थे कि क्लब रोनाल्डो को अनावश्यक शारीरिक थकान से बचाने की रणनीति पर काम कर रहा है। कोच के अनुसार, टीम का घरेलू और महाद्वीपीय कार्यक्रम काफी व्यस्त है, इसलिए रोनाल्डो को आराम दिया गया था। मगर अब परिस्थितियां अनुकूल हैं, और इस बार उनके खेलने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
