देवगढ़ बना पर्यटन ग्राम का नया केंद्र

छिंदवाड़ा। प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक धरोहर से समृद्ध देवगढ़ अब पर्यटकों के लिए और आकर्षक बन गया है। यहां बने आठ नए होम स्टे का लोकार्पण कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देवगढ़ में ऐतिहासिक किला, संतरे के बगीचे, नदियां, पहाड़ और वन्यजीव सब कुछ है, जो पर्यटकों को अपनी ओर खींच सकते हैं। अब रुकने और खाने की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। यदि ग्रामीण मिलकर पर्यटकों से अच्छा व्यवहार करें तो गांव आत्मनिर्भर बन सकेगा।

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और संस्था बैक टू विलेज के सहयोग से तैयार ये होम स्टे महाराष्ट्र सहित देशभर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। लोकार्पण समारोह में एसडीएम सुधीर जैन, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, पुरातत्व विभाग के प्रतिनिधि सुमित कुमार समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

कलेक्टर सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर देवगढ़ किले तक सड़क, पानी और बिजली की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। बारिश के बाद किले की मरम्मत पुरातत्व विभाग करेगा।

संतरों के बगानों और नदी किनारे बने होम स्टे

देवगढ़ में बने होम स्टे खास लोकेशन पर तैयार किए गए हैं। कहीं पहाड़ी नदी के किनारे तो कहीं संतरों के बगानों के बीच, जहां दरवाजा खुलते ही बगान स्वागत करता दिखता है। एक होम स्टे पत्थरों से निर्मित है, जिसकी अनूठी कारीगरी इसकी सुंदरता बढ़ाती है।

सबसे अधिक होम स्टे वाला पर्यटन ग्राम

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ट्राइबल टूरिज्म परियोजना के तहत देवगढ़ में अब कुल 11 होम स्टे शुरू हो चुके हैं। यह संख्या प्रदेश में किसी भी पर्यटन ग्राम से सबसे अधिक है। जिले के 12 पर्यटन ग्रामों में देवगढ़ पहला ऐसा गांव बन गया है, जहां एक साथ बड़ी संख्या में पर्यटक आराम से ठहर सकते हैं।

Next Post

भाजपा ने सिंगरौली जिले के पदाधिकारियों की घोषणा की

Fri Sep 19 , 2025
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की सहमति से सिंगरौली जिले के जिला पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। पार्टी ने संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। घोषित सूची के अनुसार विभिन्न पदों पर […]

You May Like