जनभागीदारी से बनेगा नशामुक्त हरियाणा हर गांव-वार्ड में चलेगा जागरूकता अभियान: नायब सैनी

पंचकूला 11 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशाखोरी केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज, परिवार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गंभीर चुनौती है। इसका स्थायी समाधान तभी संभव है, जब पूरा समाज एकजुट होकर इसे जन आंदोलन का रूप दे। मुख्यमंत्री हरियाणा उदय अभियान के तहत ‘नशा मुक्त हरियाणा’ विषय पर आयोजित गैर-सरकारी संगठनों और केमिस्ट एसोसिएशनों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से मुक्त रहेंगे और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे। इसी उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग और जनभागीदारी के माध्यम से राज्यभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में नशे की मांग को भी समाप्त करना है। इसके लिए जिला और स्थानीय स्तर पर टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जिसमें एसडीएम, बीडीपीओ, ग्राम सरपंच और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ये टीमें गांव-गांव, वार्ड और मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाएंगी।

उन्होंने कहा कि नशे की लत से प्रभावित लोगों को समाज से अलग करने के बजाय उन्हें विश्वास, अवसर और सकारात्मक वातावरण देकर मुख्यधारा में वापस लाने की जरूरत है। अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने और उन्हें मोबाइल की बजाय परिवार से जोड़ने की भी अपील की।

संवाद कार्यक्रम में केमिस्ट एसोसिएशन और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों ने ऑनलाइन प्रिस्क्रिप्शन सहित दवाओं की पूरी सप्लाई चेन की निगरानी मजबूत करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित में उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को सरकार लागू करेगी।

उन्होंने लोगों से नशा तस्करी की सूचना पुलिस, एनसीबी हरियाणा हेल्पलाइन या मानस पोर्टल के माध्यम से देने की अपील भी की।

Next Post

शहडोल में बड़ा हादसा! निर्माणाधीन मकान की छत ढही, मलबे में दबे 3 मजदूर, 2 की हालत गंभीर

Sat Jul 11 , 2026
  शहडोल। शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान में बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल की छत की ढलाई के दौरान अचानक सेंटरिंग टूट गई, जिससे पूरी छत भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे के समय कई मजदूर छत पर काम कर रहे थे। छत गिरते ही मजदूर मलबे के साथ नीचे […]

You May Like