मुंबई, (वार्ता) पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेताओं ने सोमवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और हनी ट्रैप मामले से जुड़े सबूत सौंपे तथा इसमें शामिल मंत्रियों को कैबिनेट से हटाने की मांग की।
शिवसेना (यूटीबी) के नेता अनिल परब ने गृह राज्य मंत्री योगेश कदम, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के साथ-साथ हनी ट्रैप से जुड़े कई दस्तावेज और सबूत महाराष्ट्र के राज्यपाल को सौंपे।
सुश्री सुषमा अंधारे ने कहा, “हमने मंत्री नितेश राणे और संदीपन भुमरे के बारे में भी शिकायत की है। श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता संजय गायकवाड़ मारपीट मामले और विधानमंडल में गैंगवार ने विधानमंडल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाया है। राज्यपाल ने कहा कि वह स्थिति से अवगत हैं और महाराष्ट्र की गरिमा बनाए रखना उनका कर्तव्य है।”
उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा, “मैं इस मामले पर मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगी। हमने संदीपन भूमरे के अलावा गृह राज्य मंत्री योगेश कदम, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे और बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे के इस्तीफे की मांग की है।”
हालांकि, शिवसेना प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य मंत्री योगेश कदम का पुरजोर समर्थन किया, जो अपनी माँ के नाम पर कांदिवली में कथित तौर पर महिला डांस बार चलाने और दापोली निर्वाचन क्षेत्र में अवैध रेत खनन में कथित संलिप्तता के लिए राजनीतिक आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
शिंदे ने सभी आरोपों की निंदा की और कदम को पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
खेड़ तालुका में मीनाताई ठाकरे सांस्कृतिक केंद्र के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए, शिंदे ने कहा, “योगेश (कदम) को इन आरोपों से चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। शिवसेना और मैं पूरी तरह से उनके साथ हैं। वह एक समर्पित कार्यकर्ता हैं। निराधार आरोप लगाना या इस्तीफा मांगना बिल्कुल गलत है। जो खुद लुटेरे हैं, वे अब दूसरों को चोर कह रहे हैं। यह नहीं चलेगा। हमारा ध्यान विकास पर है और हम इसी राह पर चलते रहेंगे। चाहे कितनी भी साजिशें रची जाएँ, कदम परिवार हमेशा जनता के साथ खड़ा रहेगा।”
यह कार्यक्रम वरिष्ठ शिवसेना नेता और पूर्व मंत्री रामदास कदम के 73वें जन्मदिन के विशेष समारोह के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था।
सोमवार को बाद में, सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा राज्य मंत्री योगेश कदम का खुलकर समर्थन करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “एकनाथ शिंदे ने एक बार कहा था कि उन्होंने 50 डांस बार बंद करवाए हैं। मैंने ठाणे में चल रहे 15 डांस बारों की सूची वीडियो और अन्य विवरणों के साथ गृह मंत्रालय को भेजी थी। वे अभी भी शिंदे के गढ़ ठाणे में चल रहे हैं। एक बार छापा पड़ने पर सब कुछ सामने आ जाएगा कि शिंदे क्या कह रहे हैं और वास्तविक स्थिति क्या है। अगर गृह राज्य मंत्री (योगेश कदम) की माँ के नाम पर ऐसे डांस बार चल रहे हैं, तो यह महाराष्ट्र के लिए अच्छा नहीं है।”
गौरतलब है कि विपक्ष महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से लगभग आठ मंत्रियों को हटाने के लिए राजनीतिक दबाव बढ़ा रहा है। कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे को हटाने का दबाव विधानसभा परिसर में अपने मोबाइल फोन पर एक जुआ एप्लिकेशन का उपयोग करने को लेकर बढ़ा है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने श्री कोकाटे के इस्तीफे के संकेत दिए हैं।
सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट घर से नोटों के बंडल मिलने के बाद विवादों में घिर गए हैं। इससे पहले, उन पर एक होटल की नीलामी में धांधली का आरोप लगा था, जिसे उनके पुत्र द्वारा खरीदा जाना था।
गृह राज्य मंत्री योगेश कदम अपनी मां के नाम पर एक महिला डांस बार चलने का पता चलने के बाद मुश्किलों में घिर गये हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि ज़िरवाल पर संवादहीनता और खराब प्रदर्शन का आरोप लगाया गया है। बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे हमेशा विवादास्पद बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं।
ग्रामीण विकास मंत्री जयकुमार गोरे एक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद विवादों में घिर गये हैं और स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे कक्षा एक से हिंदी अनिवार्य करने के फैसले के बाद सवालों के घेरे में आ गये हैं।
