चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला, नशे में धुत कार सवार ने आरक्षक की आंख फोड़ी, वर्दी भी फाड़ी

भोपाल: राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में देर रात वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोपितों ने पहले पुलिस से अभद्रता की, फिर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए आरक्षक के साथ मारपीट कर दी। हमले में आरक्षक की आंख के पास गंभीर चोट आई और उसकी वर्दी भी फट गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार उमा विहार, कोलुआ निवासी गुलाब किरार (41) छोला मंदिर थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि रात वे आरक्षक मनोज कुशवाह के साथ चार्ली वाहन में गश्त एवं वाहन चेकिंग ड्यूटी पर थे।

रात करीब 2.30 बजे भानपुर चौराहे पर चेकिंग के बाद वे क्षेत्र में रवाना होने ही वाले थे, तभी एक कार तेज गति से उल्टी दिशा में आती दिखाई दी। कार चालक बार-बार हेडलाइट जलाकर और बुझाकर वाहन चला रहा था। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की।आरक्षक के अनुसार कार चालक ने पुलिस से कहा, “मेरी गाड़ी है, मेरी मर्जी, जैसे चाहूं वैसे चलाऊं।” जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो उसने दस्तावेज होने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपित शराब के नशे में था और उसके मुंह से शराब की तेज दुर्गंध आ रही थी।
पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास करने पर कार चालक अचानक आरक्षक गुलाब किरार से भिड़ गया और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कार से उतरे उसके साथी ने भी हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक मनोज कुशवाह को भी आरोपितों ने धक्का दे दिया।मारपीट के दौरान कार चालक ने हाथ में पहने मोटे धातु के कड़े से आरक्षक गुलाब किरार के चेहरे पर वार किया, जिससे उनकी बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। हमले में उनकी सरकारी वर्दी भी फट गई और खून से लथपथ हो गई। आरोपित पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी देते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही चार्ली-1 और एफआरवी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपितों को काबू कर थाने ले गए। पुलिस ने घायल आरक्षक और दोनों आरोपितों का चिकित्सीय परीक्षण कराया।पूछताछ में आरोपितों की पहचान अनुराग साहू और हेमंत साहू के रूप में हुई। छोला मंदिर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, शासकीय कर्मचारी से मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

सीबीएन ने बिहार में नकली दवाओं के अंतर-राज्यीय नेटवर्क का किया भंडाफोड़ , सरगना गिरफ्तार

Sun Aug 2 , 2026
नयी दिल्ली. 02 अगस्त (वार्त) ‘ऑपरेशन वज्र’ के तहत, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने बिहार के गया और मसौढ़ी (पटना) में नकली एवं अवैध दवाओं के आठ गोदामों और एक अवैध विनिर्माण इकाई को जब्त किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में रविवार को बताया गया है […]

You May Like