
देवास। जिले के बरोठा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में पकड़े गए संदिग्ध युवक-युवतियों के मामले ने गुरुवार को इंदौर में नया मोड़ ले लिया। इस प्रकरण को लेकर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे सौरव बनर्जी पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया और बीच प्रेस वार्ता में ही उनकी पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सौरव बनर्जी जब मीडिया के सामने अपनी बात रख रहे थे, तभी अचानक कुछ लोग पहुंचे और नारेबाजी करते हुए मंच पर चढ़ गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सौरव बनर्जी तथा उनके कुछ साथियों के साथ हाथापाई हुई।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सौरव बनर्जी आदिवासी क्षेत्रों में गुपचुप तरीके से धर्मांतरण की गतिविधियों में संलिप्त हैं और देवास के जंगल में पकड़े गए युवक-युवतियों का संबंध भी इसी नेटवर्क से है। वहीं, सौरव बनर्जी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खुद को निशाना बनाए जाने की बात कही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया।
गौरतलब है कि देवास जिले के बरोठा थाना क्षेत्र के जंगल में कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में कुछ युवक-युवतियों के पाए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया था। तब से यह मामला लगातार चर्चाओं में है और अब इसका असर इंदौर तक दिखाई दे रहा है।
