बैतूल में आदिवासी संस्कृति के दिवाड़ी-गोठान महोत्सव की रही धूम

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षण व संवर्धन की दिशा में हर वर्ष आयोजित होने वाला दिवाड़ी-गोठान महोत्सव इस बार भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।

आदिवासी गायकी व ठाठिया (गोंड) समाज संगठन तथा समस्त आदिवासी समाज, बैतूल द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत पड़ा पेन ठाना से भव्य पारंपरिक जुलूस के साथ हुई। इस जुलूस में जिलेभर से पहुंचे महिला-पुरुष अपने पारंपरिक परिधानों में नजर आए। बांसुरी, घुंघरू, ढोल, मांदर और सींग से बने वाद्ययंत्रों की लयबद्ध धुनों पर आदिवासी नर्तकों का उल्लास देखते ही बन रहा था। कौड़ियों से सजे परिधान और ठठिया नृत्य जुलूस के प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्होंने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस दौरान समाज के कलाकारों ने पारंपरिक गीतों और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद ऑडिटोरियम में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विभिन्न ग्रामों से आए कलाकारों ने अपनी विशेष पारंपरिक कला, गायन और नृत्य के माध्यम से आदिवासी विरासत की समृद्ध झलक पेश की। दर्शकों ने भी इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

इससे पूर्व ग्राम टेमनी में गोधूनी कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें भगत भूमिका द्वारा विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया गया था।

दिवाड़ी-गोठान महोत्सव न केवल संस्कृति और परंपरा का उत्सव रहा, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बना। आदिवासी समाज दिवाड़ी पर्व के अवसर पर लगभग एक माह तक ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन करता है, जिनसे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का अवसर मिलता है।

Next Post

पूर्व शासकीय अधिवक्ता पर बेगमगंज में धोखाधड़ी का मामला हुआ दर्ज

Mon Nov 24 , 2025
बेगमगंज। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज में पूर्व शासकीय अधिवक्ता बद्री विशाल गुप्ता पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी गुप्ता ने भोपाल में मजदूरी कर जीविकोपार्जन करने वाले रामबाबू लोधी से फौती नामांतरण के नाम पर 1500 रुपये लिए, पर उनका काम नहीं किया और उल्टा […]

You May Like