नयागांव-हनुमान धारा के बीच बनेगा अस्थायी पीपा पुल

चित्रकूट : मंदाकिनी नदी में बीते 29 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के कारण नयागांव-हनुमान धारा पुल टूटने से बाधित हुए आवागमन को बहाल करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है. आगामी दीपावली मेले में लाखों श्रद्धालुओं के चित्रकूट पहुंचने की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के तहत भैरव बाबा के पास से बाबा घाट तक अस्थायी पीपा पुल के निर्माण की योजना बनाई गई है.
इस संबंध में सतना जिले की मझगवां तहसील के अंतर्गत वृत्त चित्रकूट के नायब तहसीलदार की ओर से 14 अक्टूबर को पत्र जारी कर राजमहल नयागांव निवासी हेमराज सिंह चौबे से पीपा पुल निर्माण के लिए अनुमति मांगी गई थी.
पत्र के अनुसार प्रस्तावित पुल नयागांव स्थित आराजी क्रमांक 294 से होकर गुजरेगा. उक्त भूमि का कुल रकबा 0.7640 हेक्टेयर है जो भूमिस्वामी के नाम पर दर्ज है.
आमजन और श्रद्धालुओं की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से किए गए प्रशासन के अनुरोध पर भूमिस्वामी हेमराज सिंह चौबे ने संबंधित भूमि पर अस्थायी पीपा पुल निर्माण की अनुमति प्रदान कर दी है. सहमति देते हुए उन्होंने कहा कि राजपरिवार हमेशा से क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए तत्पर रहा है.
प्रशासनिक पत्र में इस अस्थायी पुल के निर्माण की अवधि 15 अक्टूबर से 15 जून 2027 तक निर्धारित की गई है. भूमिस्वामी की अनुमति मिलने के बाद अब इस वैकल्पिक मार्ग के निर्माण से नयागांव और हनुमान धारा की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

Next Post

जिला स्तरीय कबड्डी में मायाराम महाविद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन

Sun Oct 18 , 2026
सिंगरौली । जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में मायाराम महाविद्यालय मेढ़ौली-मोरवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में जिले के सात महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला मायाराम महाविद्यालय और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैढ़़न के बीच खेला गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन […]

You May Like