
भोपाल। श्यामलाहिल्स थाना इलाके में 55 लाख रूपए की डकैती करके फरार हुये 12 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 35 लाख रूपये बरामद किए गए हैं. मामले में फरार अन्य आरोपियों और लूट के 20 लाख रूपए की तलाश अभी जारी है. डकैती के मामले में आरोपियों तक जल्द पहुंचने वाली क्राइम ब्रांच के साथ ही थाने की टीम को जल्द ही इनाम घोषित किया जा सकता है. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है.
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह 8 मार्च को फरियादी दिव्यांग बरोट (25) निवासी चुनाभट्टी ने श्यामलाहिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई. बरोट ने पुलिस को बताया कि दो अज्ञात स्कूटी सवार लड़कों ने उनकी गाडी रोककर बैग में रखे 55,50,000 रु. (पचपन लाख पचास हजार रुपये) छीन कर भाग निकलते. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की. डकैती करने वाले आरोपियों हैदर उर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अलफेज अली, मुज्जमिल, शान डिसेन्ट उर्फ उमाम, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान समद, गौरव चेतवानी और फैसल खान को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस आयुक्त ने मामले में फरदीन, जावेद, आसिम के साथ ही अन्य आरोपियों के शामिल होने और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की बात कही है. उन्होंने बताया कि इनमें 6 आरोपियों के खिलाफ पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इसके साथ ही अन्य 6 आरोपियों ने वारदात की योजना बनाई थी, जिसका खुलासा आरोपियों ने किया है. आरोपियों के पास से पुलिस ने लगभग 35 लाख रु. नगदी, 2 मोटर साइकल, एक स्कूटी, एक सवारी आटो और 9 मोबाईल फोन जब्त किया है.
आरोपी गौरव चेतवानी एकाउण्टेंट का काम करता है. उसने ही डकैती की योजना बनाई थी. उस पर करीब 5 लाख रूपये का कर्ज था. गौरव आनलाईन सट्टा खेलने का शोकीन भी था. हवाला के रूपए को लेकर गौरव ने अपने दोस्त अनवर शेख के साथ योजना बनाई. अनवर शेख ने अपने एक और दोस्त अब्दुल नवेद से इस पर बात की. नवेद ने आसिम सहित अन्य लोगों से इस पर बात करते हुए राजी किया. घटना के एक दिन पहले आसिम, नवेद, सलमान, शानू, भोपाल टाकीज के पास मिले, जिन्होंने हवाला का पैसा लूटने की योजना बनाई, उसी दिन नवेद, आसिम, फैसल व अनवर ने हवाला का पैसा ले जाने का पूरे रूट की रैकी की. इसके बाद आरोपियों ने घटना वाली रात आंचलिक विज्ञान केन्द्र के पास फरियादी के वाहन के सामने पहले गाडी अडाई और छुरी निकालकर डराते, धमकाते हुए रूपयों से भरा बैग छीन कर भाग निकले. पुलिस आयुक्त ने बताया के मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को इनाम दिलवाया जाएगा. इस मौके पर पुलिस आयुकत के साथ, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी सहित अधिकारी मौजूद रहे.
