
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताला का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयगत समझ, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रत्येक छात्र-छात्रा अपनी क्षमता के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है, यदि वह नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और मेहनत को अपनी आदत बनाए। विद्यालय के शिक्षकों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता अलग होती है। इसलिए शिक्षण कार्य को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी एवं रुचिकर बनाया जाए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, नियमित मूल्यांकन करने तथा विषयवार अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से उनके शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण, स्टोर ओपीडी व वार्डों का लिया जायजा
कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझौली का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के स्टोर, ओपीडी, भर्ती वार्डों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की व्यवस्था तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ उपचार किया जाए। उन्होंने कहा कि ओपीडी में मरीजों की अनावश्यक प्रतीक्षा न हो, आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। स्टोर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने दवाओं एवं आवश्यक चिकित्सीय सामग्री की उपलब्धता की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि सभी आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी मरीज को उपचार के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई, मरीजों की नियमित निगरानी एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मझौली आर.पी.त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
