रेत माफिया के हौंसले बुलंद, वन रक्षक को कुचला, हुई मौत

मुरैना। मुरैना में रेत माफिया के हौंसले किस कदर बुलंद हैं, यह आज एक बार फिर उस वक्त साबित हुआ जब रेत का अवैध परिवहन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने वन रक्षक को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह वारदात दिमनी थाना क्षेत्र में रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह की है।

वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान सामने से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखी। टीम ने रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। वन रक्षक हरकेश गुर्जर रोकने के लिए आगे बढ़े तो विनोद ने उनको कुचल दिया। फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। पास ही बने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी विनोद कोरी की तस्वीरें कैद हो गई हैं।कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों से बात की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

वन विभाग के रेंज अधिकारी वीर कुमार तिर्की ने दिमनी थाने में आवेदन देकर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। आवेदन के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे वन विभाग की टीम सरकारी गाड़ी से गश्त पर निकली थी। टीम में वनकर्मी संदीप, शत्रुघ्न, विनोद, हरकेश और गेम रेंज ऑफिसर वीर कुमार तिर्की थे।

*कृषि मंत्री के पुत्र ने की नामजद एफआईआर की मांग*

कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिमनी थाने से मृतक के परिजन को फोन कर जबरन एफआईआर पर साइन करवाए जा रहे हैं।

*पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा…*

कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा है कि चंबल में रेत माफिया का बोलबाला है। मुख्यमंत्री के पास समय नहीं है, हम लोग कई बार उनसे अनुरोध कर चुके हैं। आज पूरे प्रदेश में रेत माफिया का राज कायम हो चुका है।

*4 साल की बेटी एवं दो साल का बेटा है मृतक का*

वन रक्षक हरकेश गुर्जर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जनकपुर में किया गया। मुखाग्नि उनके चाचा के बेटे सोनू गुर्जर ने दी। हरकेश अपने पीछे पत्नी लवली गुर्जर, दो साल के बेटे तन्मय और 4 साल की बेटी तन्वी को छोड़ गए हैं। डीएफओ हरीश चंद्र बघेल ने कहा कि विभागीय स्तर पर मृतक हरकेश के परिजन को सहायता दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। पत्नी को शासकीय नौकरी और वन रक्षक को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की जा रही है, जिसे आगे बढ़ाया जाएगा।

*आरोपी को जल्द पकड़ेंगे : कलेक्टर*

कलेक्टर जांगिड़ ने बताया कि उन्होंने घटना स्थल का मुआयना किया है। पुलिस को आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए हैं। उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।

*चंबल में आईपीएस अधिकारी की जान ले चुका है रेत माफिया*

इससे पहले भी 14 साल पहले 8 मार्च 2012 को चंबल रेंज में आईपीएस अफसर नरेंद्र कुमार को रेत माफिया ने ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर मार डाला था। माफिया ने जानबूझकर पत्थरों से भरी एक ट्रॉली नरेंद्र पर चढ़ा दी थी, शहीद आईपीएस नरेंद्र की धर्मपत्नी आईएएस मधु रानी तेवतिया इन दिनों दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सचिव हैं। दिसंबर 2018 में भी रेत माफिया ने चंबल में तैनात डिप्टी रेंजर सूबेदार कुशवाहा को और इससे पहले मार्च 2015 में कांस्टेबल धर्मेंद्र चौहान को पत्थरों से भरी ट्रॉली से कुचलकर मार डाला था। आज बुधवार को फिर वही खौफनाक कहानी दोहराई गई।

Next Post

भाजपा ने ममता और अभिषेक के बयानों पर चुनाव आयोग में शिकायत कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

Wed Apr 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग पहुंचा और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई तथा दोनों नेताओं के बयानों को गंभीर बताते हुए चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की […]

You May Like