एकतरफा प्यार में स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी और उसका मददगार भाई गिरफ्तार

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के थाना शाहगढ़ पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहगढ़ के सामने स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पिछले चार माह से फरार इनामी मुख्य आरोपी सुशील चढ़ार तथा उसके सहयोगी सौरभ चढ़ार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। थाना शाहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने पदस्थ स्टाफ नर्स दीपशिखा चढ़ार, निवासी पाटन, जिला जबलपुर की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शाहगढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मृतिका का आरोपी सुशील चढ़ार, निवासी ग्राम मुड़िया, थाना पनागर, जिला जबलपुर से पूर्व में प्रेम संबंध था परंतु मृतिका एवं उसके परिजनों द्वारा विवाह से इंकार किए जाने के कारण आरोपी एकतरफा प्रेम में आक्रोशित हो गया और योजनाबद्ध तरीके से शाहगढ़ मे दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु उप पुलिस महानिरीक्षक, सागर रेंज द्वारा आरोपी पर 20,000 रू0 का नगद इनाम घोषित किया गया। थाना शाहगढ़ पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी सुशील चढ़ार को ग्राम मुड़िया से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त हथियार आरोपी के चचेरे भाई सौरभ चढ़ार द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके आधार पर सौरभ चढ़ार को भी गिरफ्तार कर प्रकरण में आरोपी बनाया गया। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 का भी इजाफा किया गया है।

Next Post

मोदी-ट्रंप द्विपक्षीय वार्ता पर दुनिया की नजर, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली मुलाकात; इससे पहले यूरोपीय नेताओं से मिले पीएम

Wed Jun 17 , 2026
एवियन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय वार्ता होने जा रही है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने मुलाकात होगी। ऐसे में इस बैठक को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना […]

You May Like