छिंदवाड़ा। लावाघोघरी थाना क्षेत्र की सावरी चौकी अंतर्गत सलैया-बाकुल मार्ग पर रविवार सुबह करीब 9 बजे मजदूरों से भरा चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में कुल 15 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक वाहन क्रमांक MP 09 BC 8166 मजदूरों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान सामने से अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा घुसा और पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद डायल 112, 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
