पहले धमकी, फिर पीछा, कार की टक्कर से मौत

सीहोर। पुराने हाईवे स्थित ग्राम पचामा के समीप रविवार देर रात कार की टक्कर से बाइक सवार कपिल राठौर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मितेश राठौर घायल हो गया. मितेश ने आरोप लगाया कि हादसे से पहले ढाबे पर विवाद हुआ था और धमकी देने के बाद कार से उनका पीछा कर बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी गई. कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर एफएसएल जांच शुरू कर दी है और मामले की जांच सड़क हादसे के साथ हत्या के एंगल से भी कर रही है. शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात पचामा स्थित राजपूत ढाबे के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक से जा रहे दो युवकों को टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक चला रहे युवक कपिल राठौर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी मितेश घायल हो गया. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया.

इस मामले ने सोमवार की सुबह उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब मितेश ने हादसे के पीछे की वजह बताई. मितेश के अनुसार रविवार को वह पचामा स्थित एक फार्म हाउस पर पार्टी कर रहे थे. इस दौरान धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके साथ मौजूद कुछ युवक वहां मौजूद लोगों को धमका रहे थे. साउंड बंद कराने को लेकर विवाद हुआ. मितेश और अनमोल ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया. मितेश का आरोप है कि इसी दौरान कपिल और उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई. वहां मौजूद राजा ने भी यह बात सुनी थी और उसने दोनों को अकेले घर नहीं जाने की सलाह दी थी. मितेश ने पुलिस को बताया कि उसका मोबाइल डिस्चार्ज था. ऐसे में कपिल ने अपने मोबाइल से चाचा को फोन कर विवाद की जानकारी दी. चाचा ने 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंचने की बात कही. कुछ देर तक स्थिति शांत रहने के बाद दोनों बाइक से घर के लिए रवाना हुए.

मितेश ने आरोप लगाया कि जिस कार ने बाइक को टक्कर मारी, उसे ओमदीप चला रहा था और कार में दो-तीन अन्य लोग भी सवार थे। परिजन सोमवार सुबह घायल मितेश को लेकर कोतवाली पहुंचे और घटना को हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक को टक्कर सामान्य दुर्घटना थी या विवाद के बाद जानबूझकर की गई कार्रवाई. संदिग्धों के मोबाइल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.

बैंक के पास कार से रास्ता रोकने की कोशिश का आरोप

मितेश के मुताबिक पचामा में बैंक ऑफ इंडिया के पास करीब 200 से 300 मीटर आगे एक कार उनकी बाइक के सामने आ गई. दोनों ने किसी तरह बाइक निकालकर वहां से निकलने की कोशिश की. मितेश का आरोप है कि इसके बाद भी कार उनका पीछा करती रही. राजपूत ढाबे के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए. कपिल के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मितेश घायल हो गया.

जांच के बाद करेंगे आगामी कार्रवाई 

मृतक कपिल राठौर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. मामले की जांच हादसे और अन्य सभी संभावित एंगल से की जा रही है. आगामी जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

प्रशांत चौबे,

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

Next Post

सांप और नेवले के बीच छिड़ी खतरनाक जंग 

Mon Oct 5 , 2026
सीहोर। मंडी अंडरब्रिज के पास सोमवार को उस समय राहगीरों की सांसें थम गईं, जब सड़क पर आमने-सामने आए नागराज और नेवले के बीच देखते ही देखते जोरदार जंग छिड़ गई. फन फैलाए विषधर की फुंकार और नेवले की बिजली जैसी फुर्ती ने सड़क को कुछ देर के लिए कुदरत […]

You May Like