इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर से छेड़छाड़, राज्य की कानून-व्यवस्था बदहाल: पटवारी

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में हुई उस शर्मनाक घटना की कड़ी निंदा की है, जिसमें आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भाग लेने आई दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार द्वारा छेड़छाड़ की गई। बताया गया है कि एक खिलाड़ी के साथ अभद्र व्यवहार की कोशिश की गई, जिसे श्री पटवारी ने “न केवल पीड़ितों का अपमान, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था पर कलंक” बताया।

श्री पटवारी ने कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और भारत की छवि को धूमिल करने वाली है, विशेषकर तब जब राज्य विश्व स्तर के खेल आयोजन की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह पूरे समाज के लिए शर्म की बात है। मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्यमंत्री को तुरंत इस घटना का संज्ञान लेकर दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार की उदासीनता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इंदौर जैसे बड़े शहर में पुलिस गश्त और निगरानी की कमी ने ऐसी घटनाओं को जन्म दिया है, जहां अंतरराष्ट्रीय पर्यटक और खिलाड़ी बड़ी संख्या में आते हैं।

श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि इस घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए और स्थानीय पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा हो। उन्होंने कहा कि आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जानी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने यह भी आग्रह किया कि राज्य सरकार रात्रिकालीन गश्त को सुदृढ़ करे और पुलिस बल को महिला सुरक्षा एवं संवेदनशीलता पर प्रशिक्षण दे। उन्होंने कहा, “यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी का प्रतीक है। यदि सरकार ने समय पर कदम नहीं उठाए, तो जनता का आक्रोश बढ़ता जाएगा।”

श्री पटवारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएगी, क्योंकि ऐसी लापरवाहियां न केवल खेल आयोजनों की छवि को प्रभावित करती हैं, बल्कि पर्यटन और निवेश पर भी नकारात्मक असर डालती हैं।

Next Post

बाइक पेड़ से टकराई, 1 की मौत 2 घायल

Sat Oct 25 , 2025
शहडोल। जिले के सीधी थाना क्षेत्र के दादर ग्राम में एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसमें बाइक चालक योगेंद्र सिंह गोंड की मौत हो गई वहीं, दो साथी विपिन और सचिन गंभीर हैं, दोनों की हालत नाजुक है, सभी बाइक में सवार होकर मार्केट जा रहे थे। […]

You May Like