
ग्वालियर। ग्वालियर जिले के सभी शासकीय व अशासकीय स्कूलों में 8वी कक्षा तक के बच्चों के लिये भी 9 व 10 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। ज्ञात हो कि पाँचवी कक्षा तक के बच्चों के लिये पहले ही इन तिथियों में छुट्टी घोषित की जा चुकी है। लगातार बढ़ रही ठंड व शीतलहर को ध्यान में रखकर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि 9 जनवरी से जिले में कोई भी विद्यालय प्रात: 10.30 से पहले एवं दोपहर 3 बजे के बाद संचालित नहीं किया जा सकेगा। यह आदेश अत्यधिक ठंड की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य, सुविधा, सुरक्षा एवं आवागमन को ध्यान में रखकर जारी किया गया है। यह आदेश ग्वालियर जिले में संचालित एमपी बोर्ड, सीबीएसई व आईसीएसई से संबद्ध सभी शासकीय एवं अशासकीय व शासन से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।
*बच्चों को केवल पोषण आहार वितरण करने के लिये खुलेंगीं आंगनबाड़ी*
अत्यधिक ठंड व शीतलहर को ध्यान में रखकर जिले में संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिये छुट्टी रहेगी। पोषण आहार प्राप्त करने के लिये बच्चे प्रात: 11.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक आंगनबाड़ी में आ सकेंगे। नाश्ता व भोजन के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जायेगी। यह व्यवस्था 9 जनवरी से 31 जनवरी तक लागू रहेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को प्रात: 9 बजे से सायंकाल 4 बजे तक आंगनबाड़ी में उपस्थित रहकर कार्य करना होगा।
