
सीधी। आगामी मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि त्योहारों को उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाते समय सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा यातायात का संचालन सुचारु रूप से जारी रहना चाहिए। उन्होंने आयोजन स्थलों, जुलूस मार्गों एवं भीड़ वाले क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिलाद-उन-नबी पर साफ-सफाई, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जुलूस के लिए नियमानुसार विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित मार्ग की जानकारी संबंधित विभागों एवं पुलिस को उपलब्ध कराने के साथ पर्याप्त वालेंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई, पेय जल, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमा स्थापना से पूर्व नियमानुसार अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक पंडाल के आयोजकों को वालेंटियर्स की सूची उपलब्ध करानी होगी तथा रात्रि में पंडाल की निगरानी सुनिश्चित करनी होगी। पंडालों में फायर सेफ्टी एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी के सभी आवश्यक उपाय अपनाए जाएं और खुले विद्युत तारों का प्रयोग न किया जाए। विद्युत विभाग, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी पंडालों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। बैठक में एडीएम बीपी पाण्डेय, एसडीएम गोपदबनास प्रिया पाठक, डीएसपी सुजीत कुमार, शांति समिति सदस्य पार्षद आनंद परियानी, राजेन्द्र सिंह भदौरिया, रंजना मिश्रा, रनशेर अली खान, जियारत हुसैन, गोपाल गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
००
रक्षाबंधन पर बाजार व बस स्टैण्ड में विशेष व्यवस्था
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। मिठाई की दुकानों में आवश्यक जांच एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा बस स्टैंड पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात के समुचित प्रबंध करने को कहा गया।
००
चिन्हित स्थानों पर ही होगा मूर्ति विसर्जन
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर ही किया जाए। विसर्जन स्थल पर बेरिकेटिंग, जेसीबी मशीन, गोताखोर, चिकित्सीय दल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही छाया, पेयजल एवं पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था भी रहे। बच्चों को विसर्जन स्थल से दूर रखने तथा प्रतिमाओं का विसर्जन दिन में ही करने के लिए भी कहा गया।
००००००००००००
