एम.पी.ई.बी. से महाराणा प्रताप चौक तक फुटपाथ निर्माण में मिट्टी डालने का आरोप

बदनावर। एम.पी.ई.बी. से लेकर महाराणा प्रताप चौक तक बनाए जा रहे फुटपाथ के निर्माण कार्य को लेकर गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद जितेन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया है कि फुटपाथ के भराव में पक्की मोरम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है और इसके ऊपर पेवर्स लगाने की तैयारी है। पार्षद ने इस संबंध में नगर परिषद अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर तत्काल मौके का निरीक्षण कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

 

पार्षद शर्मा का कहना है कि उन्होंने इस मामले की जानकारी पहले भी नगर परिषद अधिकारियों को मौखिक रूप से दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के बाद अब लिखित शिकायत की गई है। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यदि फुटपाथ के नीचे निर्धारित मानकों के अनुसार पक्की मोरम की जगह मिट्टी का भराव किया गया और उसके ऊपर पेवर्स लगा दिए गए तो बारिश के दौरान मिट्टी बैठने से पेवर्स धंसने की आशंका रहेगी। ऐसे में सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े होंगे।

 

शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है, बल्कि सरकारी राशि से हो रहे निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता और मापदंडों के अनुरूप करवाना है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर भराव में इस्तेमाल हो रही सामग्री की जांच कराने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

गुणवत्ताहीन काम मिला तो ठेकेदार पर हो सख्त कार्रवाई

 

पार्षद जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि यदि जांच में मौके पर गुणवत्ताहीन कार्य पाया जाता है तो केवल निर्माण कार्य को दुरुस्त करवाना पर्याप्त नहीं होगा। यदि ठेकेदार इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होने से ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा बनने से रोकी जा सकेगी।

 

पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद और प्रशासन ने मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं की तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद होने वाले धरना-प्रदर्शन की जिम्मेदारी प्रशासन और नगर परिषद अधिकारियों की होगी।

 

सीएमओ बोले—मौके का निरीक्षण करवाएंगे

 

इधर, नगर परिषद सीएमओ ने बताया कि पार्षद द्वारा आवेदन दिया गया है। आवेदन को संज्ञान में लेकर मौके का निरीक्षण करवाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो उसे दुरुस्त करवाया जाएगा।

Next Post

दुराचारी युवक को 20 वर्ष का सश्रम कारावास

Wed Aug 19 , 2026
छिंदवाड़ा. एक युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया फिर उसके साथ दुराचार किया. उक्त मामले में अपर सत्र न्यायालय जुन्नारदेव ने थाना तामिया के आरोपी अर्जुन उईके पिता ओमकार उईके 31 वर्ष निवासी वार्ड नं 13 अहीरढाना ग्राम बिजौरी फुल्ला थाना शिवपुरी को 20 वर्ष की […]

You May Like