जबलपुर: चाकूबाजी, लूट-चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही है और अब शहर में बमबाज सक्रिय हो गए हैं जो बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते हुए दहशतर्गी फैला रहे है। ये दहशतगर्द अब हर दिन पुलिस को चुनौती देते हुए बमबाजी कर रहे है। घरों से लेकर दुकानों में तक बम पटक रहे है। अचानक बढ़ी बमबाजी से जहां शहर की गलियां दहल रही हैं तो वहीं नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करने लगेे है। वहीं बेलगाम अपराधियों के दिलों दिमाग से पुलिस का डर और खौफ खत्म होता नजर आने लगा है।
गुंडे-बदमाश का खुलेआम विस्फोट करना कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस धमाकों का जखीरा बनाने वालों, इनके ठिकानों, बारूद, उपकरण मुहैया कराने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। ऐसा नहीं है कि पुलिस को कुछ पता नहीं है पुलिस को सब पता होता हैं परंतु पुलिस बमबाजी के मामलों में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की कायमी करने के साथ गिरफ्तारी करके ही मामलों की इतिश्री कर खानापूर्ति कर लेती है।
शिकार-दशतदर्गी का बना हथियार
सुअरमार बम अवैध और खतरनाक विस्फोटक है। अपराधी इन बमों को दशतदर्गी का हथियार बना चुके है। इन बमों के जरिए डराने, धमकाने, दहशत फैला रहे है। वहीं इन बमों का इस्तेमाल जंगली सुअरों का शिकार करने में भी हो रहा है है कभी कभी पालतू जानवर भी इसकी चपेट में आकर जख्मी हो जाते है साथ ही उनकी जान भी चली जाती है।
ये है हॉट स्पॉट
घमापुर, बेलगाम, छोटी ओमती, गोरखपुर, रांझी, गोहलपुर, बमबाजी के हॉट स्पॉट बन रहे है जहां आपराधिक गिरोह सक्रिय होकर रंगदारी, डराने, धमकाने पर वारदातें कर रहे है। यहां बमबाजी की घटनाएं हुई है, जिससे निवासियों में दहशत है।
कहां बन रहे है, कौन बेच रहा, नहीं उठता पर्दा
ऐसे मामलों में पुलिस विस्फोट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करती है। साथ ही आरोपियों को भी दबोच लिया जाता है। लेकिन पुलिस की कार्रवाई कायमी, गिरफ्तारी तक ही दिखाई देती है। बम कहां बन रहे हैं इसका ठिकाना कहां है, धमाकों को कौन बेच रहा है। इस राज से पुलिस पर्दा नहीं उठा पाती है।
एक माह के भीतर यहां हुए धमाके
29 अक्टूबर को गोहलपुर थाना अंतर्गत वंदना नगर बस्ती नगर नम्बर 2 में करन केवट 18 वर्ष से रंजिश पर बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की और परिवार को डारने तीन बम पटके।
28 अक्टूबर को चरगवां थाना अंतर्गत भड़पुरा में दयाराम बर्मन के घर मेें बदमाशों ने बम चलाए। जोरदार धमाके के साथ आग लग गई थी। इसके बाद बदमाश घर का गेट तोडक़र फरार हो गए थे।
27 अक्टूबर को रांझी थाना अंतर्गत मडई स्थित शराब दुकान में बदमाशों ने तीन सुअरमार बम पटके। वारदात से भगदड़ मच गई थी। एक आरोपी को स्टॉफ ने पकड़ लिया था जबकि तीन भाग निकले थे।
23 अक्टूबर को गोराबाजार थाना अंतर्गत तिलहरी में बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा के एटीएम को बम से उड़ाने की कोशिश की गई। चोरी के इरादे से हुई वारदात सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गई थी।
बेलबाग थाना अंतर्गत ललित कॉलोनी में पांच अक्टूबर को मोटर साईकिल से पहुंचे तीन बदमाशों ने अधिवक्ता उमेश कुमार यादव के घर में बमबाजी कर दहशत फैलाई। पुराने विवाद को लेकर हुई वारदात सीसी टीव्ही कैमरे में कैद हुई थी।
