इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में मजदूरी करने आई एक महिला के साथ शारीरिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी ने महिला को अकेला पाकर डरा-धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया. हद तो तब हो गई जब विरोध करने पर आरोपी ने दंपति को जान से मारने की धमकी देकर इंदौर से भगा दिया और अब फोन पर बदनाम करने की धमकी दे रहा है. पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है.
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि 35 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ इंदौर में मजदूरी करने आई थी. पीड़िता के पति के दोस्त अमन ने उन्हें रहने के लिए अपने एमआर-10 क्षेत्र की फैक्ट्री के मजदूर रूम में व्यवस्था करवाई थी. पीड़िता ने बताया कि जब उसका पति काम पर जाता और वह घर में अकेली रहती, तब अमन का साला विकास राय पिता गुप्तेश्वर राय निवासी ग्राम नुरचक, जिला पटना, बिहार वर्तमान में एमआर-10 इंदौर घर में घुस आया.
आरोप है कि विकास ने पहली बार महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और शोर मचाने पर उसे समाज में बदनाम करने की धमकी दी. बदनामी के डर से पीड़िता ने शुरू में यह बात किसी को नहीं बताई. इसी का फायदा उठाकर विकास अक्सर घर में घुस आता और डरा-धमकाकर महिला का यौन शोषण करता रहा. आखिरकार हिम्मत जुटाकर महिला ने पूरी आपबीती अपने पति को सुनाई.जब पति ने इस करतूत का विरोध किया, तो आरोपी विकास ने अपनी दबंगई दिखाते हुए दंपति को धमकाया कि यहाँ से चले जाओ, वरना जान से मरवा दूँगा.
डर के कारण 22 अगस्त 2025 को महिला और उसका पति अपना काम छोड़कर वापस गांव चले गए. लेकिन आरोपी का हौसला इतना बढ़ गया कि वह अब व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए महिला को धमका रहा है कि अगर मुझसे मिलने वापस नहीं आई, तो तुझे ऐसा बदनाम करूँगा कि समाज में मुँह दिखाने लायक नहीं बचेगी. मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
