काशी रुद्राक्ष की जीत से तय हुईं प्लेऑफ की 4 टीमें

कानपुर, (वार्ता) यूपी टी20 लीग 2026 के 29वें और बेहद अहम मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्राक्ष ने टेबल-टॉपर्स मेरठ मावेरिक्स को 56 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। 40 अंतरराष्ट्रीय मैचों के इतिहास वाले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में मिली इस धमाकेदार जीत के साथ ही यूपीटी20 के चौथे सीजन के प्लेऑफ (टॉप 4) की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।

लीग चरण की समाप्ति के बाद पॉइंट्स टेबल में मेरठ मावेरिक्स 15 अंकों के साथ शीर्ष पर रही, जबकि लखनऊ फाल्कन्स 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स 10-10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रहीं। वहीं, गौर गोरखपुर लायंस और मेजबान कानपुर सुपरस्टार्स का सफर यहीं खत्म हो गया है।

‘करो या मरो’ के इस मुकाबले में काशी रुद्राक्ष के कप्तान करण शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निडर फैसला लिया। सलामी बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए 51 गेंदों में 75 रनों की मजबूत साझेदारी की। वैभव जायसवाल ने 24 गेंदों में तेज तर्रार 33 रन बनाए, जबकि कप्तान करण शर्मा ने 40 गेंदों में 57 रनों की कप्तानी पारी खेलकर ठोस नींव रखी।

इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज उपेंद्र यादव ने मैदान पर उतरकर तबाही मचाई। उपेंद्र ने महज 29 गेंदों में 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर काशी रुद्राक्ष ने 20 ओवर में 175/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। स्टार ओपनर स्वास्तिक चिकारा को कार्तिक यादव ने 4 गेंदों के डक पर पवेलियन भेज दिया। कार्तिक यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवरों में महज 12 रन देकर 3 विकेट झटके और मेरठ के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। इस मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मेरठ के लिए दिव्यांश राजपूत (39 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह ‘हिट-विकेट’ आउट हो गए। अगली ही गेंद पर ऋषभ राजपूत ने यश गर्ग को आउट किया। 17वें ओवर की पहली गेंद पर इम्पैक्ट प्लेयर संगम सिंह ने विकेट लेकर टीम की हैट्रिक पूरी की।

ऋषभ राजपूत (3/13) और अटल बिहारी विपिन राय (2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के आगे मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रनों पर ढेर हो गई।

 

 

Next Post

लाइसेंस में कमी बताकर क्लेम ठुकराया, फिर आयोग ने बीमा कंपनी को दिए 4.5 लाख रुपए

Wed Sep 2 , 2026
मुंबई, अगर आपकी कार का एक्सीडेंट हो जाए और बीमा कंपनी ड्राइविंग लाइसेंस में कमी का हवाला देकर इंश्योरेंस क्लेम खारिज कर दे तो मामला हमेशा कंपनी के पक्ष में नहीं जाता। अगर आपकी कार का एक्सीडेंट हो जाए और बीमा कंपनी ड्राइविंग लाइसेंस में कमी का हवाला देकर इंश्योरेंस […]

You May Like