बुधनी। एक बार फिर पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है. ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. जिससे उसकी जान बच सकी.
बीती रात नर्मदा नदी पुल के पास ड्यूटी पर तैनात गैंगमैन द्वारा सूचना दी गई कि रेल पटरी के समीप एक युवकघायल अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना पर पुलिस के रात्रि गश्त अधिकारी नरेंद्र चौरे, प्रकाश बरखने एवं एफआरवी चालक ओकेश घटना स्थल पर पहुंचे. काफी देर की खोजबीन के बाद युवक झाडिय़ों में घायल अवस्था में मिला. डायल-112 वाहन से घायल युवक को सिविल अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर युवक की हालत गंभीर होने पर नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान हेमंत विश्वकर्मा आ. लालाराम निवासी भोपाल अपने अंकल राधेश्याम कुशवाह के साथ आया था, जहां सेंटिंग का कार्य चल रहा था. फिलहाल युवक किन परिस्थितियों में घायल हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
