जबलपुर: प्रदेश से गुजरने वाले राजमार्गों में अवैध कट-प्वाइंट्स को चुनौती देते हुए इन्हें हटाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। दायर मामले में कहा गया है कि इनके कारण एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाती हैं। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले में सडक़ परिवहन मंत्रालय के सचिव, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग के एसीएस व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये है।
यह जनहित का मामला डिंडोरी निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी महावीर सिंह की ओर से दायर किया गया है। जिन्होंने सुनवाई दौरान अपना पक्ष स्वयं रखा। उन्होंने दलील दी कि जब ओला-उबर जैसी गाडिय़ां दो मिनट के भीतर पहुंच जाती हैं, तो एंबुलेंस क्यों नहीं पहुंचती है। उन्होंने बताया कि भोपाल- जबलपुर हाईवे में डिवाईडर तोडक़र 300 कट बना लिए हैं, इससे स्पीड कम होती है और दुर्घटनाएं भी बढ़ती हैं। आवेदक की ओर से दी गई दलीलों को मद्देनजर रखते हुए न्यायालय ने अनावेदकों से जवाब तलब किया है।
