छतरपुर। साहित्य, संगीत और कला के पुरोधा स्व. महेश मिश्र ‘मधुकर’ की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित स्मृति समारोह में छतरपुर जिला पंचायत के सीईओ एवं अपर कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया को प्रतिष्ठित ‘दतिया रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उनकी प्रशासनिक कार्यकुशलता, जनसेवा के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक सरोकारों के लिए प्रदान किया गया।
INTACH दतिया इकाई और मधुकर सृजन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में साहित्य, कला और समाजसेवा से जुड़े प्रबुद्धजनों ने अरजरिया के कार्यों की सराहना की। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि जिस दतिया की माटी और जिन गुरुजनों के संस्कारों ने उन्हें गढ़ा, उन्हीं के बीच सम्मानित होना उनके लिए जीवन का गौरवशाली और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने आयोजन समिति सहित INTACH के नेशनल चेयरमैन अशोक ठाकुर और वरिष्ठ संरक्षक विनोद मिश्रा ‘दादा’ के प्रति आभार जताया।
‘दतिया रत्न’ सम्मान मिलने पर दतिया और छतरपुर के प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने अरजरिया को बधाई दी। समारोह में मौजूद लोगों ने इसे दतिया और छतरपुर दोनों के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम का समापन मां पीतांबरा के जयघोष के साथ हुआ।
