सिंगरौली/देवसर जियावन थाना क्षेत्र में सुपेला-अकौरी मार्ग से लगे सेमरा नदी क्षेत्र में एक बाइक कई दिनों से लावारिस हालत में पड़े होने का मामला सामने आया है। पानी की टंकी के आगे पीपल के पेड़ के पास नदी के उस पार पड़ी बाइक को लेकर आसपास के ग्रामीणों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक करीब चार से पांच दिनों से उसी स्थान पर पड़ी हुई है।
बताया गया कि क्षेत्र में बकरी चराने पहुंचे शिवलाल यादव, कौशल रजक और देवनाथ गोस्वामी की नजर लावारिस हालत में पड़ी बाइक पर गई। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से बाइक उसी स्थान पर खड़ी है, लेकिन अब तक इसका मालिक वहां दिखाई नहीं दिया है।
किसकी है बाइक, क्यों छोड़ी गई—सवाल बरकरार
कई दिनों से एक ही स्थान पर बाइक पड़े रहने के बावजूद उसके स्वामी का पता नहीं चलने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, बाइक वहां किन परिस्थितियों में पहुंची और उसे किसने छोड़ा, इसकी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच से खुलेगा राज
मामले में बाइक के नंबर और अन्य पहचान संबंधी विवरणों के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाया जा सकता है। साथ ही पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाइक सामान्य परिस्थितियों में वहां छोड़ी गई थी अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल लावारिस बाइक का रहस्य जांच का विषय बना हुआ है।
