इंदौर: नगर निगम आयुक्त ने आज सुबह शहर की सफाई व्यवस्था और मास्टर प्लान की सड़कों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मच्छी बाजार में सफाई ठीक नहीं होने पर दरोगा का एक दिन वेतन लगने के आदेश दिए. साथ ही मास्टर प्लान की सड़कों में बाधक हटाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह शहर में निर्माणाधीन मास्टर प्लान की सड़कों और झोन क्रमांक 2 एवं 12 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया.
आयुक्त सिंघल झोन क्रमांक 2 एवं 12 के अंतर्गत चंद्रभागा पुल से कलाल कुई तथा चंद्रभागा पुल से मच्छी बाजार तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मच्छी बाजार में सड़क पर कचरा एवं गंदगी मिलने पर झोन 2 में वार्ड 68 के एवं झोन 12 में वार्ड 59 के सफाई दरोगाओ का सफाई में लापरवाही बरतने पर एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए. आयुक्त ने सफ़ाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर क्षेत्रीय सीएसआई के विरुद्ध भी कार्रवाई की चेतावनी दी.
बाधक अवैध निर्माणों को हटाएं
निरीक्षण के दौरान मास्टर प्लान सड़क निर्माण कार्य में बाधक अवैध निर्माणों को हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए. आयुक्त इसके बाद बायपास स्थित होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट तक निर्माणाधीन 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क का भी निरीक्षण किया गया. उक्त सड़क 29.52 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही है. आयुक्त ने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, प्रभारी योजना नरेश जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी गौतम भाटिया, उपयंत्री पराग अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
