नरोत्तम को बचाया, राजेंद्र भारती पर जल्दबाजी, फिर विधायक बनेंगे भारती, जाएंगे ऊपरी अदालत: पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा प्रकरण, किसानों की बदहाल स्थिति और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश और देश में लोकतंत्र का मूल आधार जनता का विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत के चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया से जनता का भरोसा उठना लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है। दतिया विधानसभा मामले का जिक्र करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि कोर्ट द्वारा कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को न्याय के लिए 60 दिन का समय दिए जाने के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने आधी रात को विधानसभा सचिवालय खुलवाकर उनकी सदस्यता समाप्त कर दी। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का खुला उल्लंघन बताया।

पटवारी ने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ पेड न्यूज़ का मामला लंबित होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

किसानों की स्थिति पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “किसान कल्याण वर्ष” को सरकार ने “किसान शोषण वर्ष” बना दिया है। उन्होंने प्रदेश में खाद की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा, जहां महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की हुई, लाठीचार्ज हुआ और कई बुजुर्गों की जान तक चली गई, जबकि सरकार इस संकट से इनकार करती रही।

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए पटवारी ने कहा कि किसानों के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत राशि खर्च ही नहीं की गई।

उन्होंने गेहूं खरीदी में देरी और बारदाने की भारी कमी को लेकर सरकार को घेरा। उनके अनुसार, वर्ष 2026 में 10 करोड़ बारदाने की आवश्यकता थी, लेकिन सरकार ने केवल 2.6 करोड़ के लिए ही आवेदन किया, जिससे भारी संकट खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि यह कमी किसी युद्ध का परिणाम नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही का नतीजा है।

पटवारी ने कहा कि खरीदी तिथियां बार-बार आगे बढ़ाने से किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ी, जिससे लगभग 50 प्रतिशत किसान डिफॉल्टर हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने समर्थन मूल्य के वादे भी पूरे नहीं किए।

उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस किसानों के समर्थन में प्रदेशभर की मंडियों में प्रदर्शन करेगी तथा भोपाल में एक दिन का उपवास और कृषि मंत्री के निवास के बाहर धरना दिया जाएगा।

अंत में पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और कांग्रेस पार्टी इसे बचाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान मुकेश नायक, फूल सिंह बरैया और जेपी धनोपिया सहित कई नेता मौजूद रहे।

Next Post

बाइक की टक्कर से गंभीर बुजुर्ग महिला की मौत

Fri Apr 3 , 2026
सीधी। जिले के सेमरिया थानांतर्गत ग्राम ओबरहा में आज सुबह सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला को गांव के ही नाबालिग ने तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी थी। जानकारी के अनुसार, मृतका शकुंतला रावत पत्नी सुखलाल रावत सुबह करीब 8 बजे अपने […]

You May Like