​सीधी में स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान: पंचायत स्तर पर शिविरों से सुदृढ़ हो रही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं

सीधी:प्रदेश में स्वास्थ्य एवं पोषण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में पंचायत स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।शनिवार को आयोजित इन शिविरों में मझौली के बोदारीटोला, सिहावल के पोड़ी, रामपुर नैकिन के कुशमहर एवं सीधी के माटा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। कलेक्टर विकास मिश्रा स्वयं मझौली के बोदरीटोला में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हितग्राहियों से संवाद किया।

शिविरों में मिली उल्लेखनीय भागीदारी के तहत बोदरीटोला में 255, माटा में 380, कुशमहर में 184 तथा पोड़ी में 123 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं परामर्श प्रदान किया गया।शिविरों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बबीता खरे तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा कुशमहर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का संचालन एवं निरीक्षण करते रहे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टीमें पूरी सक्रियता के साथ सेवाएं प्रदान करती रहीं, वहीं राजस्व, पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया गया।

शिविरों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, कुपोषित बच्चों तथा किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य परामर्श, निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन किया गया। गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर भी किया गया।इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के अपूर्ण प्रमाण पत्रों के लिए चिन्हांकन कर उन्हें जिला मेडिकल बोर्ड भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। शिविरों में बाल विवाह के दुष्प्रभाव, परिवार नियोजन तथा पोषण योजनाओं के प्रति भी व्यापक जागरूकता फैलाई गई। इसके साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार के शिविर मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं, जिससे इस पहल को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।इस अभियान के माध्यम से जिले में न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ रही है, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार, कुपोषण उन्मूलन एवं जनजागरूकता की दिशा में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
11 अप्रैल को लुरघुटी, सिरसी, पोस्ता और बरबंधा में आयोजित होंगे शिविर
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आगामी शनिवार 11 अप्रैल 2026 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विभिन्न विकासखंडों के चयनित ग्रामों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें विधानसभा धौहनी अंतर्गत लुरघुटी, सीधी अंतर्गत सिरसी, चुरहट अंतर्गत पोस्ता तथा सिहावल अंतर्गत बरबंधा में शिविर लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

Next Post

जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे: विश्वामित्र

Sun Apr 5 , 2026
सीधी: विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत मंडल मयापुर में 3 एवं 4 अप्रैल को दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का आयोजन सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर एवं पं.दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत शुभारंभ हुआ। […]

You May Like