भगवान के जन्मोत्सव पूर्व गोद भराई ने बिखेरी अद्भुत छटा

जबलपुर। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं सप्त गजरथ महोत्सव के चौथे दिन हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान के जन्मोत्सव से पूर्व गोद भराई (साँदें) की रस्म बड़ी ही भव्यता और भक्ति भाव से संपन्न हुई। इंद्राणियों सहित सैकड़ों महिलाओं ने माता मरुदेवी की गोद भराई में हिस्सा लिया।

धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम

सुबह 7 बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। सबसे पहले भगवान का अभिषेक और शांतिधारा पूजन किया गया। पंडाल में पीत वस्त्रधारी, आभूषणों से सुसज्जित इंद्र-इंद्राणी श्रद्धालुओं का आकर्षण बने रहे। पूरे दिन विविध धार्मिक क्रियाएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहे, और व्यवस्थाएँ भी बेहतर ढंग से संचालित हुईं।

धर्म के प्रति जागरूक रहना जीवन की उच्चतम उपलब्धि

आचार्यश्री समयसागर महाराज ने धर्मानुराग और भाव विशुद्धि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धर्म के प्रति जागरूक रहना, प्रमोद भाव बनाए रखना और धार्मिक कार्यों में सक्रिय रहना जीवन की उच्चतम उपलब्धि है।

भगवान के जन्मोत्सव पूर्व खुशी

दोपहर 12 बजे से जन्मोत्सव पूर्व खुशी मनाने की रस्म शुरू हुई। माता मरुदेवी की गोद भराई में महिलाएं और इंद्राणियाँ मंगलगीत गा रही थीं। इसके बाद महाराजा नाभिराज के राज दरबार में सोलह स्वप्नों का फलादेश प्रस्तुत हुआ, जिसने सभी का मन मोह लिया।

मंत्री सिंह ने लिया आचार्यश्री का आशीर्वाद

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी महोत्सव में पहुंचकर पूज्य आचार्यश्री समय सागर जी को श्रीफल भेंट कर पाद प्रच्छालन किया। मंत्री सिंह ने कहा कि इतने विशाल मुनि संघ के सानिध्य में मेरा या किसी का अभिनंदन नहीं होना चाहिए, बल्कि आशीर्वाद लेना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

चरणचिन्ह एवं छतरी का शिलान्यास

समाधिस्थ, परमपूज्य गुरुवर 108 आचार्य श्री विद्यासागर जी की स्मृति को चिरस्थाई रखने के उद्देश्य से श्री पिसनहारी तीर्थ के नंदीश्वर द्वीप जिनालय में आचार्य श्री के रजत धातु से निर्मित चरणचिन्ह एवं छतरी का शिलान्यास एवं भूमि पूजन, आचार्य श्री 108 समयसागर जी की पावन उपस्थिति में, शांतिनगर जिनालय अध्यक्ष आलोक जैन सपरिवार द्वारा विधिपूर्वक सम्पन्न हुआ।

नंदीश्वर द्वीप मंदिर की प्रतिष्ठा 1992 में हुई थी। डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़) में निर्माणाधीन समाधि स्थल छतरी की वास्तविक प्रतिकृति पिसनहारी तीर्थ में बनाई जाएगी। भक्तजन न्यूनतम दान देकर शिला निर्माण में सहभागी बन सकते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्रीय एवं नगर के अनेक धार्मिक पुरुष और महिलाएं उपस्थित थीं।

Next Post

लोक निर्माण मंत्री ने प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश 

Wed Dec 3 , 2025
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को अंधमूक बायपास चौराहे सहित पश्‍चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आदि शंकराचार्य चौक, रानी अवंतीबाई चौक, धनवंतरी नगर चौराहा, मेडीकल चौक एवं रामपुर चौक जैसे शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन चौराहों को व्यवस्थित, सुंदर और आकर्षक स्‍वरूप देने […]

You May Like