विदिशा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के दिशा-निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शेख सलीम ने जिला जेल विदिशा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश जी.सी. शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट समकांत भारके, न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला रजिस्ट्रार संतोष श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नितेंद्र सिंह तोमर सहित अधिवक्ता और काउंसिल सदस्य उपस्थित रहे।
निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर के दौरान जेल अधीक्षक प्रियदर्शन श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर न्यायाधीश का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान कैफेटेरिया, स्टोर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और नए बने चार वीसी रूम का जायजा लिया गया। न्यायाधीश शेख सलीम ने बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और यह भी देखा कि सभी बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध हैं या नहीं। जिन बंदियों के अधिवक्ता नहीं हैं, उनके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
