जबलपुर: यातायात सुविधा और दुर्घटनाओं में कमी के लिए रांझी से खमरिया तक की सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। जहां ओएफके से झिरिया होते हुए खमरिया थाने तक बन रही सड़क के चौड़ीकरण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है लेकिन निर्माण कार्य के साथ ही सड़क किनारे वर्षों से खड़े सैकड़ों पेड़ों की कटाई और हटाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भारी मशीनों और मजदूरों की मदद से पेड़ों को जड़ से उखाड़ा जा रहा है, जिससे सड़क किनारे की हरियाली समाप्त होती नजर आ रही है।
स्थानीय रहवासियों में नाराजगी
रोजाना आवागमन करने वाले लोगों एवं आसपास के नागरिकों ने पेड़ों की कटाई पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ये पेड़ न केवल छाया और स्वच्छ हवा प्रदान करते थे, बल्कि गर्मी के दिनों में धूप से काफी राहत भी प्रदान करते हैं। लोगों की मांग है कि कटाई की भरपाई के लिए उसी क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए और उनकी देखरेख की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे।
