भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को स्मरण करने का अवसर है।
खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान दे और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और घर-घर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व गौरव प्रकट करने का आह्वान किया। साथ ही विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और गौरवशाली भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
