भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी निगरानी, सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल और साइबर सेल की मदद से अभियान तेज किया है। पिछले दो सप्ताह में प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1,808 मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किया। बरामद उपकरणों की कुल कीमत 3.47 करोड़ रुपये से अधिक है। सभी उपकरण उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए।
छिंदवाड़ा पुलिस ने सर्वाधिक 501 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए, जिनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। ग्वालियर में 451 फोन, 1.03 करोड़ रुपये मूल्य के बरामद हुए। छतरपुर में ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 276, दतिया में 173, जबलपुर में 134 और सागर में 112 मोबाइल बरामद किए गए।
खंडवा पुलिस ने ‘ऑपरेशन सहयोग’ के तहत 109 मोबाइल बरामद किए, जबकि श्योपुर में 40 फोन वापस कराए गए। इंदौर और उज्जैन जीआरपी ने चोरी के मोबाइल बरामद करने के साथ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले ‘संचार साथी’ ऐप के माध्यम से उसका आईएमईआई नम्बर अवश्य जांचें।
