इंदौर: मध्य प्रदेश में मंडी शुल्क बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के फैसले के विरोध में कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने गुरुवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया. प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी के नेतृत्व में 55 जिलों की 150 से अधिक मंडियों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपे गए. इंदौर की लक्ष्मी नगर अनाज मंडी में शंख बजाकर विरोध जताते हुए मंडी सचिव ओपी खेड़े को ज्ञापन सौंपा गया.
अरविंद बागड़ी ने कहा कि मंडी शुल्क में वृद्धि का सीधा असर किसानों, व्यापारियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. शुल्क बढ़ने से कृषि उपज के कारोबार की लागत बढ़ेगी, जिसका असर किसानों को मिलने वाले दाम और बाजार में वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक शुल्क होने से व्यापार के दूसरे राज्यों में जाने और रोजगार प्रभावित होने की आशंका है.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने यह निर्णय व्यापारी संगठनों और किसान प्रतिनिधियों से चर्चा किए बिना लिया है. उन्होंने मंडी शुल्क वृद्धि वापस लेने और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद नई नीति बनाने की मांग की. प्रकोष्ठ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस व्यापारियों और किसानों के साथ प्रदेशभर में आंदोलन करेगी. इस दौरान प्रदेश महामंत्री अभिषेक मित्तल, कांग्रेस प्रदेश सचिव दीपू यादव, विवेक खंडेलवाल, गोविंद अग्रवाल, दीपक पंचायती, मधुसूदन भलिका, हितेश अग्रवाल, अवधेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
