मुख्य सड़कें चमकीं, अंदरूनी गलियां बदहाल

इंदौर:वार्ड क्रमांक 46 के कुछ क्षेत्रों में मुख्य सड़कें तो चमक रही हैं, लेकिन अंदरूनी गलियां वर्षों से बदहाल पड़ी हैं. अधूरी सड़कें, जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पाए हैं.मालवा मिल चौराहे से लगे वार्ड नम्बर 46 के रुस्तम का बगीचा, गोटू महाराज की चाल और विद्या भवन स्कूल के सामने का क्षेत्र विकास कार्यों की अधूरी तस्वीर पेश कर रहा है. मुख्य सड़क और कुछ मार्गों का निर्माण तो हो चुका है, लेकिन अंदरूनी गलियां वर्षों से जर्जर हालत में हैं.

जानकारी के अनुसार सीवरेज लाइन और नर्मदा पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद इन्हें दोबारा व्यवस्थित नहीं किया. बरसात के दिनों में गलियों में कीचड़ और जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है. गंदगी के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है.

जर्जर रास्तों के कारण सफाईकर्मी भी नियमित रूप से नहीं पहुंच पाते, जिसके चलते जगह जगह कचरे के ढेर लगे रहते हैं. रहवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद, विधायक और नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. क्षेत्रवासियों ने जल्द सड़क निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था की मांग की है.

काम ऐसा हो कि दोबारा यह स्थिति न बने
पहले सिर्फ गिट्टी और माल डालकर सड़क बना दी गई थी, जो कुछ समय बाद ही खराब हो गई. अब सरिया का जाल बिछाकर सड़क बनाई जानी चाहिए, जिससे दोबारा यह स्थिति न बने.

— गणेश जारवाल

कोई सुवाई नहीं होती…
हमें अच्छा और पक्का रोड चाहिए, आसपास की गलियों में भी ध्यान दिया जाना चाहिए. घरों के सामने गंदगी फैली रहती है, शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती.

— द्वारका रनित

सिर्फ आश्वासन मिलता है…
कई बार पार्षद को समस्या बता चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है. कहा जाता है कि यहां ठेकेदार काम नहीं करना चाहता. बरसात में कीचड़ और गर्मियों में धूल से परेशान हैं.

— अनीता सूर्यवंशी

Next Post

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Sat Aug 1 , 2026
सीहोर। भारतीय विद्यार्थी मोर्चा एवं भारत मुक्ति मोर्चा के तत्वावधान में विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों की ओर से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट-यूजी परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया. छात्रा प्रकोष्ठ की रंजना मालवीय ने बताया […]

You May Like