कुलगुरु और कुलसचिव के बीच विवाद, मारपीट, कैंपस में जमकर तोड़फोड़

जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित महाकोशल यूनिवर्सिटी (प्राइवेट) में कुलगुरु डॉ. आर.सी. मिश्रा और कुलसचिव डॉ. रामप्रकाश चौबे के बीच उपजा विवाद मारपीट तक पहुंच गया। कैंपस में जमकर तोड़फोड़ भी की गई।

सूत्रों के अनुसार हंगामे की शुरुआत विश्वविद्यालय के कर्मचारी रामेश्वर रघुवंशी और फार्मेसी विभाग के शिक्षक अमन शुक्ला के बीच हुए विवाद से हुई। आरोप है कि इस दौरान कुलसचिव रामप्रकाश चौबे को धमकाया गया, जिसके दबाव में आकर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने पुलिस को बताया कि यह इस्तीफा उनसे जबरन लिखवाया गया था। यूनिवर्सिटी में गहराते संकट को देखते हुए कुलाधिपति डॉ. अनिल तिवारी ने बीच-बचाव की कोशिश की और दोनों पक्षों की एक साझा बैठक बुलाई, लेकिन सुलह की यह कोशिश नाकाम रही। बैठक के दौरान ही कुलगुरु और कुलसचिव गुट के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते शांतिपूर्ण बैठक गाली- गलौज और मारपीट में तब्दील हो गई। आक्रोशितजनों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में कुर्सियां, कांच और अन्य फर्नीचर तोड़ डाले। कुलगुरु और कुलसचिव ने भी एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि कुलगुरु और कुलसचिव दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

नशेड़ियों ने श्वान को जिंदा जलाया, पशु प्रेमियों में आक्रोश

Sat May 9 , 2026
जबलपुर। केंट थाना अंतर्गत सदर क्षेत्र स्थित मेहंदी बाग ग्राउंड में इंसानियत को शर्मसार कर नशेड़ियों ने एक काले रंग के बेजुबान श्वान को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना ने पशु प्रेमियों में आक्रोश है। जानकारी अनुसार मेहंदी बाग ग्राउंड लंबे समय से नशेड़ियों, चरस, गांजा […]

You May Like