राहुल मोहब्बत की दुकान पर बेच रहें हैं नफरत का सामान: यादव

इंदौर, 28 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के महू में कांग्रेस की रैली के दौरान आमसभा में दिए गए संबोधन पर जमकर हमला बोलते हुए कहा है कि श्री गांधी अपनी राजनीति की दुकान को मोहब्बत की दुकान बताकर समाज में नफरत फैलाने का सामान बेच रहे हैं।
डॉ यादव ने इंदौर में जनकल्याण अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस की रैली के दौरान आयोजित जनसभा में श्री गांधी के संबोधन पर करारा जवाब देते हुए कहा कि श्री गांधी अपनी राजनीति की दुकान को मोहब्बत की दुकान बताकर समाज में नफरत फैलाने का सामान बेच रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ऐसा ही फरेब करना सिखा रहे हैं। लेकिन देश और प्रदेश की जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली। कांग्रेस की रैली झूठ फैलाने, समाज को बांटने और सनातन को अपमानित करने के साथ शुरू हुयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब के नाम पर देश को बांटने का एजेंडा चला रही है। नकली गांधियों ने असली गांधी के विचारों की हत्या कर उन्हें अपमानित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, पिछड़़ों और आदिवासियों के हमदर्द बनने का ढोंग करने की बजाय श्री गांधी को देश की जनता को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस की सरकारों ने आजादी के बाद गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए क्या किया? इन्होंने गरीबी मिटाने का सिर्फ नारा दिया, लेकिन गरीबों के लिए कभी कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि देश के गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों की सबसे बड़ी हमदर्द भारतीय जनता पार्टी है, जिसका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करना है और यह कांग्रेस के नारों की तरह खोखला नहीं है बल्कि भाजपा की सरकारें इसे धरातल पर साकार कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश के करोड़ों गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। उन्हें पांच लाख तक का मुफ्त उपचार और हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं कांग्रेस की बंदरबांट करने वाली योजनाएं नहीं हैं, बल्कि इनसे लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है और इन्हीं योजनाओं के फलस्वरूप आज करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल सके हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाने वाले श्री गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी के महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब अंबेडकर का नाम सिर्फ राजनीति के औजार हैं। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस ने आजादी के बाद न बापू की सुध ली, न संविधान का सम्मान किया और न ही बाबा साहब के विचारों, सिद्धांतों के प्रति आस्था रखी। ये भाजपा की सरकार ही है, जो महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर रही है। बाबा साहब के प्रति सम्मान और कृतज्ञता दिखाते हुए उनके जीवन से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब शपथ लेने जाते हैं, तो संविधान को अपने माथे से लगाते हैं।
डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के शासनकाल में देश तेजी से विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। देश में अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुए हैं और उनका लाभ देश के हर समाज, हर वर्ग को मिल रहा है। कभी दूसरे देशों के सामने हाथ फैलाने वाला भारत आज दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था है और सारी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। लेकिन देश के इस चौतरफा विकास श्री गांधी और कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है। उन्हें यह लग रहा है कि उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद देश विकास के रास्ते पर क्यों बढ़ रहा है? इसलिए श्री गांधी अपने एजेंडे पर चलते हुए देश और समाज को बांटने का षडयंत्र रच रहे हैं। महू में अपने भाषण के जरिए उन्होंने अपने इसी एजेंडे की रूपरेखा प्रस्तुत की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज इंदौर और महू के लिए ऐतिहासिक दिन है। हम सभी ने 26 जनवरी के पावन पर्व पर गणतंत्र दिवस मनाकर संविधान को सशक्त और सक्षम बनाने का संकल्प लिया है। महू बाबा साहब की पुण्यभूमि है। इंदौर की पावन धरा पर आज एक ओर प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचारों को संकल्प के साथ धरातल पर उतारने वाले भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं, वहीं दूसरी ओर बार-बार बाबा साहेब को अपमानित करने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता भी महू आए हैं। इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज संविधान पर घड़ियाली आंसू बहा रही है। लेकिन जनता जानती है कि सिर्फ भाजपा और प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ही संविधान का सम्मान किया है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब को समय-समय पर अपमानित करने वाली कांग्रेस के नेता महू पहुंचकर सबसे पहले बाबा साहेब से माफी मांगें। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने हमेशा महिलाओं, पिछड़ों और वंचितों को सम्मानित कर बाबा साहेब और महात्मा गांधी के विचारों को सही मायने में जमीन पर उतारा है। महू में श्री गांधी सिर्फ राजनीतिक पर्यटन के लिए आए थे। श्री गांधी को बाबा साहेब की धरती महू में आकर आज माफी मांगनी चाहिए थी, जो उनकी पार्टी ने समय-समय पर उनका अपमान किया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बाबा साहेब की पुण्यभूमि और दीक्षाभूमि को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
डाॅ यादव एवं श्री शर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस के अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नीतेश नरवले ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। श्री शर्मा ने उन्हें सदस्यता दिलाते हुए कहा कि आज प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के सामने श्री नीतेश नरवले ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की इच्छा यह कहकर जताई कि कांग्रेस में झूठ बोलने वाले नेतृत्व में न भरोसा है और न विश्वास रह गया है। वे श्री नरवले को पार्टी की सदस्यता लेने पर शुभकामनाएं देते हैं।

Next Post

हाराष्ट्र के जलगांव के तीन युवक भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार

Tue Jan 28 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email खरगोन, 28 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन में पुलिस में आज महाराष्ट्र के जलगांव निवासी तीन युवकों को भारी मात्रा में अवैध रूप से निर्मित हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज […]

You May Like

मनोरंजन